निर्देशक नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’, जिसमें ईशान खट्टर, जान्हवी कपूर और विशाल जेठवा मुख्य भूमिकाओं में हैं, ने भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म को 98वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2026) के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में जगह मिली है। इस खबर के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने 12 श्रेणियों की शॉर्टलिस्ट जारी की, जिसमें इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में 15 फिल्मों को चुना गया है। इन्हीं में भारत की ओर से ‘होमबाउंड’ भी शामिल है। अब इन 15 फिल्मों में से अंतिम 5 फिल्मों को नॉमिनेशन मिलेगा। फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा 22 जनवरी 2026 को की जाएगी, जबकि ऑस्कर समारोह 15 मार्च 2026 को आयोजित होगा, जिसकी मेजबानी एक बार फिर कॉनन ओ’ब्रायन करेंगे।

खुशी और गर्व को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहा: करण जौहर

फिल्म के निर्माता करण जौहर इस उपलब्धि से बेहद भावुक नजर आए। धर्मा मूवीज के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा गया, “ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में जगह पाकर हम बेहद आभारी हैं।” करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह अपनी खुशी और गर्व को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने निर्देशक नीरज घायवान और पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि कान्स फिल्म फेस्टिवल से लेकर ऑस्कर शॉर्टलिस्ट तक का सफर बेहद खास और भावनात्मक रहा है।

भावनात्मक गहराई से जोड़ती फिल्म

‘होमबाउंड’ दो बचपन के दोस्तों शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन (विशाल जेठवा) की कहानी है, जिनका सपना पुलिस में भर्ती होने का होता है। जान्हवी कपूर फिल्म में भावनात्मक गहराई जोड़ती हैं। यह फिल्म दोस्ती, कर्तव्य और आज के युवाओं पर पड़ने वाले सामाजिक दबाव को संवेदनशील तरीके से दिखाती है। फिल्म 21 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी और पहले ही कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना बटोर चुकी है। ‘होमबाउंड’ का कान्स और टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शन होना और अब ऑस्कर शॉर्टलिस्ट में पहुंचना भारतीय सिनेमा के लिए एक गर्व का क्षण है।