फ्राइडे संवाद. झुंझुनू/पिलानी। पुलिस थाना पिलानी ने एक बड़ी सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए गुजरात की एक महिला डॉक्टर की हत्या की साजिश को अंजाम दिए जाने से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने 15 लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या की योजना बना रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और 4 खाली कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। मामला तब सामने आया जब 21 नवंबर को लिखवा ठेके पर रंगदारी के लिए फायरिंग की घटना हुई। इस मामले में गिरफ्तार हिमांशु जाट की पुलिस अभिरक्षा में गहन पूछताछ के दौरान पूरा षड्यंत्र उजागर हुआ।

ऐसे रची गई साजिश

अक्टूबर 2025 में सचिन मेघवाल ने हिमांशु से संपर्क कर बताया कि अनुज शर्मा को किसी ने गुजरात में एक महिला डॉक्टर की हत्या की सुपारी दी है और इसके बदले 15 लाख रुपये मिलेंगे। हिमांशु ने मनोज वाल्मीकि और आकाश वाल्मीकि को भी साजिश में शामिल कर लिया। आरोपियों ने अनुज शर्मा से हथियार खरीदने के लिए अग्रिम राशि के रूप में एक लाख रुपये प्राप्त किए। इसके बाद मनोज और आकाश ने जयपुर में काम करने वाले यूपी के एक व्यक्ति से हथियार खरीदा।

गुजरात में की थी रेकी

हथियार मिलने के बाद चारों आरोपी मनोज की कार लेकर गुजरात पहुंचे, जहां अनुज शर्मा ने उन्हें हत्या के स्थान और लक्ष्य की फोटो दिखाई तथा रेकी कराई। हालांकि, घटनास्थल के आसपास सुरक्षा और कैमरे देखकर पकड़े जाने के डर से वे वापस लौट आए और भविष्य में वारदात को अंजाम देने का फैसला किया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने निम्न 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
– हिमांशु जाट (19 वर्ष) निवासी नरहड
– सचिन उर्फ कालु (24 वर्ष) निवासी लिखवा
– आकाश उर्फ बिट्टू (21 वर्ष) निवासी पाथड़िया
– मनोज मेघवाल (30 वर्ष) निवासी पाथड़िया
– अनुज शर्मा (22 वर्ष) निवासी पिलोद
– भूपेंद्र कुमार (20 वर्ष) निवासी लिखवा। साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Categorized in: