फ्राइडे संवाद. फतेहपुर।
जिला सीकर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली फतेहपुर पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 24.72 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम की तस्करी में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान खालिद खान पुत्र शरीफ खान (21), निवासी लुहारों का मोहल्ला, वार्ड नंबर 52, फतेहपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 व 25 के तहत मामला दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारी फतेहपुर के सुपरविजन तथा थानाधिकारी महेंद्र कुमार पुनिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान जारी है। आने वाले दिनों में भी ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके।
