मदरसा डॉ. जाकिर हुसैन में मंगलवार को संविधान दिवस बड़े सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के बाद संविधान प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई। इसके बाद मदरसे के हेडमास्टर ने सभी बच्चों को संविधान की शपथ दिलाई और उन्हें भारतीय लोकतंत्र की मूल भावना, अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

मदरसा सदर इब्राहिम कोहिनूर ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि संविधान न केवल देश की सबसे बड़ी कानूनी पुस्तक है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को संविधान के महत्व को समझकर अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।

कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी संविधान के निर्माण, इसके इतिहास और बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान पर प्रकाश डाला। बच्चों ने बड़ी उत्सुकता के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और संविधान की प्रस्तावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया। अंत में सभी को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।