एफआर न्यूज. सीकर | फतेहपुर रोड अंबेडकर नगर स्थित मौलाना अबुल कलाम आज़ाद शिक्षक संस्थान में मंगलवार को संविधान दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों और शिक्षकों द्वारा संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व पर आधारित भाषण, नारे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संस्था निदेशक इस्हाक खोखर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान बनकर तैयार हुआ था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने बताया कि हमारा संविधान न केवल हमें मौलिक अधिकार प्रदान करता है, बल्कि नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने छात्रों से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर शिक्षकों ने भी संविधान की मूल भावनाओं—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता—पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही और अंत में संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और जागरूकता का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।