एफआर न्यूज. जयपुर । सर्दियों के मौसम में एलर्जी, अस्थमा और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। अचानक तापमान में बदलाव, शुष्क हवा, घर के अंदर प्रदूषण और वायरल संक्रमण के कारण सांस की परेशानियां बढ़ सकती हैं। एएमआरसी पार्क हॉस्पिटल, जयपुर के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. दीपांशु जैन ने सर्दियों में एलर्जी मरीजों के लिए पांच जरूरी सावधानियां बताई हैं:

1. घर के अंदर गर्म और स्वच्छ हवा बनाए रखें

डॉ. दीपांशु जैन के अनुसार, कमरे में ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें और नमी 40-50% के बीच रखें। अगरबत्ती, मच्छर भगाने की कॉइल और खुशबू वाली मोमबत्तियों से बचें। कमरे को धूल मुक्त रखें और हफ्ते में दो बार वैक्यूम करें। इससे डस्ट माइट एलर्जी, एलर्जिक राइनाइटिस और सर्दियों में अस्थमा के अटैक से बचा जा सकता है।

2. अचानक तापमान बदलाव से बचाव करें

बाहर जाते समय मास्क या मफलर पहनें। ठंडी हवा सीधे नाक से न लें। ठंडे पानी की जगह गर्म पानी पिएं। अचानक ठंड के संपर्क में आने से ब्रोंकोस्पाज्म, खांसी और घरघराहट हो सकती है।

3. धूल, धुएं और तेज गंध से दूर रहें
धुएं, प्रदूषण, रूम फ्रेशनर और इत्र से दूर रहें। पुराने कंबलों को बिना धूप दिखाए इस्तेमाल न करें। कालीन, पर्दे और बिस्तर की चादरों को साफ रखें।

4. पर्याप्त पानी पिएं और दवाई नियमित लें
पूरे दिन गर्म पानी पिएं। इन्हेलर या एंटी-एलर्जी दवाएं छोड़ें नहीं। रेस्क्यू इन्हेलर हमेशा साथ रखें।

5. रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं और सांस पर नजर रखें

विटामिन सी युक्त फल जैसे आंवला, संतरा, अमरूद खाएं। डॉक्टर की सलाह पर भाप लें। जरूरत हो तो इन्फ्लूएंजा या निमोनिया का टीका लगवाएं।

नोट: यह जानकारी केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।

Categorized in: