एफआर. न्यूज सीकर। सर्दियों के मौसम में कई लोग बार-बार पेशाब आने की समस्या से परेशान रहते हैं। इस बारे में फ्राइडे संवाद से बातचीत में डॉक्टर अनवर अली ने बताया कि ठंड बढ़ने पर शरीर स्वाभाविक रूप से “कोल्ड डायूरेसिस” प्रक्रिया में जाता है। ठंड के कारण शरीर की रक्त नलिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर हल्का बढ़ता है और किडनी अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने लगती है।

यही वजह है कि सर्दियों में बार-बार पेशाब लगना सामान्य माना जाता है। डॉ. अनवर अली के अनुसार, यह स्थिति तब तक चिंताजनक नहीं होती, जब तक पेशाब में जलन, खून, तेज बदबू, अत्यधिक दर्द या पेट के निचले हिस्से में भारीपन महसूस न हो। इन लक्षणों के दिखाई देने पर मूत्र संक्रमण (यूटीआई), शुगर, या प्रोस्टेट जैसी समस्या की संभावना हो सकती है, जिसके लिए तुरंत चिकित्सकीय जांच आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ठंड में लोग पानी पीना कम कर देते हैं, जिससे शरीर में डिहाइड्रेशन की स्थिति बनती है और किडनी पर दबाव पड़ता है। इसलिए सर्दियों में भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। कैफीन, चाय-कॉफी और सोडा जैसे पेय पदार्थों का कम सेवन करें, क्योंकि ये मूत्र मात्रा बढ़ाते हैं। डॉ. अली ने सलाह दी कि शरीर को गर्म रखें, नियमित पानी पिएं और किसी भी असामान्य लक्षण पर डॉक्टर से संपर्क करने में देर न करें।

Categorized in: