सीकर की कोचिंग से स्कॉलरशिप परीक्षा के नाम पर 1.29 करोड़ की ठगी
एफआर न्यूज. सीकर | शिक्षा नगरी में संचालित एक प्राइवेट कोचिंग संस्थान के साथ स्कॉलरशिप परीक्षा आयोजित करवाने के नाम पर दो फर्मों ने 1.29 करोड़ रुपए की ठगी की है। कोचिंग के मार्केटिंग मैनेजर राहुल पांडे ने ही फर्मों के प्रतिनिधियों से संस्थान की मुलाकात करवाई थी।
एफआईआर के अनुसार, कोचिंग संस्था 9वीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करती है, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छात्रों को फीस में छूट दी जाती है। इस बार परीक्षा आयोजित करवाने के लिए कोचिंग ने एक फर्म से एमओयू (समझौता पत्र) किया। इसमें तय हुआ कि फर्म यूपी, बिहार, दिल्ली और एनसीआर में करीब 2 लाख छात्रों से परीक्षा दिलवाएगी। बदले में कोचिंग फर्म को प्रति छात्र 100 रुपए देगी। परीक्षा पूरी तरह निशुल्क रखी जानी थी।
फर्म ने कोचिंग को परीक्षा के प्रचार के लिए बुकलेट, प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट्स भेजीं। साथ ही कहा गया कि छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड बाद में दिए जाएंगे। लेकिन कुछ समय बाद कोचिंग ने जब भेजी गई ओएमआर शीट्स को स्कैन करवाया, तो वे फर्जी पाई गईं। किसी भी छात्र की परीक्षा नहीं हुई थी, और न ही किसी छात्र या अभिभावक तक परीक्षा से जुड़ी कोई जानकारी या सामग्री पहुंची थी। कोचिंग के अनुसार, राहुल पांडे की मिलीभगत से राहुल और उसकी फर्म ने 1.11 करोड़ रुपए, जबकि ‘मास्टर योर नॉलेज एकेडमिक’ फर्म ने 18.87 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच उद्योग नगर थाने के एएसआई बीरबल सिंह कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि फर्मों ने फर्जी डेटा और परीक्षा की झूठी रिपोर्ट तैयार करके राशि अपने खातों में ट्रांसफर करवाई। फिलहाल पुलिस ने दोनों फर्मों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
