नई दिल्ली
भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। देश की प्रमुख फुटबॉल प्रतियोगिता इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) का आगाज 14 फरवरी से होगा। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट में देश के सभी 14 फुटबॉल क्लब हिस्सा लेंगे। खेल मंत्री ने बताया कि आइएसएल के आयोजन को लेकर काफी समय से अनिश्चितता बनी हुई थी। बुधवार को सरकार, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआइएफएफ) और सभी 14 क्लबों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें यह फैसला लिया गया। मांडविया ने कहा, “बैठक में सभी पक्षों ने सहमति व्यक्त की है। पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान और ईस्ट बंगाल भी इस सत्र में खेलेंगे, जो प्रशंसकों के लिए बड़ी राहत की बात है।” एआइएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि आइएसएल के तहत घरेलू और विदेशी स्थानों पर कुल 91 मैच खेले जाएंगे। साथ ही I-लीग का आयोजन भी लगभग इसी समय किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही भारतीय फुटबॉल में नया जोश देखने को मिलेगा। खिलाड़ी और फुटबॉल प्रेमी इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Categorized in: