एफआर न्यूज. जयपुर। राजस्थान सहित देश के 12 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान मंगलवार से शुरू हो गया है। इस अभियान में बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित सूचनाओं का सत्यापन करेंगे। यह अभियान 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। इस अवधि को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी दौरान नए मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे, गलतियां सुधरेंगी और मृत व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे। बीएलओ नागरिकों के घर जाकर दो प्रतियों में गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) देंगे, जिनमें से एक प्रति भरने के बाद बीएलओ को वापस करनी होगी और दूसरी प्रति नागरिक अपने पास रसीद के रूप में रखेंगे। प्रपत्र में मतदाता से संबंधित मूलभूत जानकारी जैसे– जन्म तिथि, पिता/माता या अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर, आधार संख्या (वैकल्पिक) भरनी होगी। साथ ही नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी चिपकानी होगी।
गणना प्रपत्र में पूर्व मतदाता सूची का विवरण पहले से उपलब्ध होगा, जिसमें नाम, पता, एपिक नंबर, भाग व क्रमांक संख्या दर्ज रहेगी। बीएलओ आवश्यकतानुसार संशोधन कराने में सहायता करेंगे। यदि किसी सदस्य का नाम पिछली सूची में दर्ज नहीं है, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों का नाम मौजूद है, तो मैपिंग प्रक्रिया द्वारा उस नए मतदाता को भी सूची में दर्ज किया जा सकेगा।
आपको क्या करना है?
गणना प्रपत्र की दोनों प्रतियां ध्यानपूर्वक भरें।
भरने के बाद एक प्रति बीएलओ को जमा कराएं।
एक प्रति रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखें।
4 दिसंबर से पहले प्रपत्र जमा करने पर नाम जोड़ना सरल होगा।
यदि समयावधि के बाद नाम जोड़ना हो, तो फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले — बनेगा सटीक रिकॉर्ड
जयपुर कृषि प्रबंध संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एसआईआर अभियान से प्रत्येक व्यक्ति का सटीक और पारदर्शी रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचेगा और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीएलओ के सहयोग से फॉर्म भरें और किसी भ्रम में न आएं। उन्होंने कहा कि “सही मतदाता सूची, सही लोकतंत्र की बुनियाद है।”
