एफआर न्यूज. जयपुर | बुधवार को वकीलों और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद बढ़ गया। मामला एक वकील के परिवार के सदस्य को आदर्श नगर थाना पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने से भड़का। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में वकील कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंच गए और मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर टायर जलाए। धरने के कारण कलेक्ट्रेट सर्किल से गुजरने वाले मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। हालांकि, इस दौरान वकीलों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हो गई। वकीलों का कहना है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।