नई दिल्ली। वॉट्सएप आज सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। इसमें हमारी निजी चैट, फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट सेव रहते हैं, ऐसे में अगर अकाउंट हैक हो जाए तो यह गंभीर खतरा बन सकता है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि हैकिंग की घटनाएं अक्सर यूजर्स की छोटी-छोटी लापरवाहियों से होती हैं। अगर आपका वॉट्सएप अकाउंट हैक हो जाए तो सबसे पहले घबराएं नहीं। एक्सपर्ट्स की मानें तो तुरंत ऐप को अनइंस्टॉल कर दोबारा इंस्टॉल करें और अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। ऐसा करने पर आपके नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी डालते ही हैकर ऑटोमैटिकली लॉगआउट हो जाएगा। अगर ओटीपी नहीं आता तो 12 घंटे इंतजार करके दोबारा प्रयास करें। इसके बाद भी समस्या बनी रहे तो वॉट्सएप सपोर्ट टीम को ईमेल करें।
हैकिंग से बचने के लिए कुछ सावधानियां जरूरी हैं। सबसे पहले टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी को ओटीपी शेयर न करें। Linked Devices ऑप्शन को नियमित रूप से चेक करते रहें और कोई अनजान डिवाइस दिखे तो तुरंत लॉगआउट करें।
हैकिंग के संकेतों को भी पहचानना जरूरी है। यदि आपके चैट, स्टेटस या प्रोफाइल में बदलाव दिखे जो आपने खुद न किया हो, या बिना अनुरोध किए ओटीपी आए तो यह हैकिंग का संकेत हो सकता है।
साइबर विशेषज्ञ पवन दुग्गल का कहना है कि स्कैमर्स सोशल इंजीनियरिंग, फिशिंग, मालवेयर या ओटीपी स्कैम के जरिए अकाउंट हैक करते हैं। इसलिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। वॉट्सएप अकाउंट सुरक्षित रखना आपकी प्राइवेसी और सिक्योरिटी के लिए बेहद जरूरी है।
