एफआर न्यूज. जयपुर। राजस्थान में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 की शुरुआत हो गई है। बुधवार शाम ऐतिहासिक आमेर किले के जलेब चौक में खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का लोगो, मैस्कॉट, एंथम, टॉर्च और जर्सी लॉन्च की। समारोह को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि यह शाम लॉन्च की नहीं, लॉन्च पैड की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से खेलो इंडिया के माध्यम से युवाओं में नई ऊर्जा आई है। राजस्थान में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स होंगे, जिसमें देशभर की करीब 200 यूनिवर्सिटी के 7,000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। 24 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें इस बार कैनोइंग, कायाकिंग, साइक्लिंग और बीच वॉलीबॉल को भी शामिल किया गया है।

लोगो में राजस्थान की झलक

खेल विभाग के शासन सचिव नीरज कुमार पवन ने बताया कि नए लोगो में राजस्थान की आत्मा को दर्शाने वाले तत्व जोड़े गए हैं। इसमें हवा महल, रणथंभौर किला और रेतीले टीले शामिल हैं। जयपुर की पहचान गुलाबी रंग को आधार बनाकर डिज़ाइन को जीवंत बनाया गया है। गेम्स के मैस्कॉट खम्मा और घणी राज्य के राजकीय पशु ऊँट और पारंपरिक अभिवादन “खम्मा घणी” से प्रेरित हैं। ये राजस्थान की गर्मजोशी और आतिथ्य भावना का प्रतीक हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन 24 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर में किया जाएगा।

Categorized in: