फ्राइडे संवाद. जयपुर | पैरों में अचानक होने वाली ऐंठन एक आम समस्या है जो किसी भी उम्र के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। झोटवाड़ा स्थित एडवांस ऑर्थोपेडिक सेंटर के डायरेक्टर व जॉइंट रिप्लेसमेंट एण्ड ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. शेख मोहम्मद खान ने बताया कि पैरों में ऐंठन मांसपेशियों का अनैच्छिक और दर्दनाक संकुचन है, जो कुछ सेकंड से लेकर कई मिनट तक रह सकता है। डॉ. खान के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक उम्र के 33 प्रतिशत लोगों को हर दो महीने में कम से कम एक बार रात में पैरों में ऐंठन की समस्या होती है। 50 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार यह समस्या जरूर होती है। महिलाओं, विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं में यह समस्या अधिक देखी जाती है।

मुख्य कारण: डॉ. खान ने बताया कि लंबे समय तक बैठे रहना, अत्यधिक व्यायाम, डिहाइड्रेशन, कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट्स, डायबिटीज, किडनी की समस्या और खून में पोटेशियम की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। उम्र बढ़ने के साथ टेंडन्स छोटे हो जाते हैं, जिससे यह समस्या बढ़ जाती है।

तुरंत राहत के उपाय: डॉ. खान ने ऐंठन होने पर तुरंत राहत के लिए कुछ उपाय बताए: प्रभावित मांसपेशी को धीरे-धीरे स्ट्रेच करें, पैर की उंगलियों को अपनी ओर खींचें, मालिश करें, खड़े होकर पैरों को जमीन पर दबाएं, हल्का चलें, गर्म या ठंडी सिकाई करें और जरूरत पड़ने पर दर्द निवारक दवा लें। उन्होंने सलाह दी कि यदि ऐंठन बार-बार हो रही है, गंभीर दर्द हो या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। कुछ मामलों में यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार इस समस्या से बचाव में मददगार साबित हो सकते हैं।