फ्राइडे संवाद. झुंझुनू
एफआर न्यूज़ के तत्वावधान में थ्री डॉट्स चिल्ड्रन एकेडमी, मंडावा मोड़ रोड, झुंझुनू में करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान एवं कला संकाय के 81 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
एफआर न्यूज़ के झुंझुनू मीडिया प्रभारी कैफ राठौर के आयोजन में हुए इस सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में कैड गुरू इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर एवं करियर काउंसलर आलम शेर खान मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर के विविध विकल्पों के बारे में जानकारी दी। आलम शेर खान ने कहा कि आज के दौर में करियर केवल इंजीनियरिंग और मेडिकल तक सीमित नहीं है। प्रशासनिक सेवाएं, आईआईटी, हेल्थ सेक्टर, डिफेंस, सरकारी नौकरियां, डिजिटल फील्ड, डिजाइनिंग, मैनेजमेंट और अन्य अनेक क्षेत्रों में उज्ज्वल संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि, योग्यता और स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों का एप्टीट्यूड टेस्ट भी आयोजित किया गया, जिसका परिणाम आगामी बड़े सेमिनार में घोषित किया जाएगा। इस टेस्ट के माध्यम से यह विश्लेषण किया जाएगा कि कौन सा छात्र किस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। स्कूल के डायरेक्टर आरिफ ने कार्यक्रम में विशेष सहयोग देते हुए विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें समझाईं। विद्यार्थियों ने सेमिनार के दौरान सक्रिय रूप से सवाल पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में आलम शेर खान और कैफ राठौर ने स्कूल प्रबंधन, स्टाफ और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। लगभग एक घंटे तक चला यह करियर गाइडेंस सेमिनार विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
