फ्राइडे संवाद
राजपूताना ऑटोमोटिव स्पोर्ट्स कार क्लब (आरएएससीसी), जयपुर द्वारा ताज जय महल पैलेस में 27वीं विंटेज एवं क्लासिक कार प्रदर्शनी और ड्राइव का भव्य आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर से आई करीब 100 विंटेज और क्लासिक कारों ने दर्शकों को ऑटोमोबाइल के स्वर्णिम इतिहास से रूबरू कराया। प्रदर्शनी में जयपुर, सीकर, दिल्ली, चंडीगढ़, मुंबई सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों से आए संग्राहकों ने अपनी दुर्लभ और सहेजी गई गाड़ियों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विंटेज ऑटोमोबाइल संस्कृति को संरक्षित करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गनी ऑटोज़ के डायरेक्टर अब्दुल हमीद द्वारा संग्रहित विंटेज कारों का विशेष प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। उनकी गाड़ियों की मौलिकता और बेहतरीन रखरखाव को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया, जबकि पर्यटन विभाग की आयुक्त रुक्मणी रियार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।