मुंबई के प्रतिभाशाली बल्लेबाज सरफराज खान लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहा है। नवंबर 2024 में भारत के लिए आखिरी मैच खेलने वाले 28 वर्षीय सरफराज ने इसके बाद घरेलू टूर्नामेंट्स में रनों का अंबार लगाया है। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 157, 55 और 62 रनों की शानदार पारियां खेलीं, जबकि रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ 227 रनों की दोहरी शतकीय पारी जमाकर अपनी दावेदारी और मजबूत की। सरफराज ने हाल ही में फिटनेस पर भी खास ध्यान दिया है और अपना वजन कम किया है, जिससे उनकी फुर्ती और खेल में निरंतरता साफ नजर आ रही है। इसके बावजूद टीम इंडिया में उन्हें दोबारा मौका नहीं मिल सका है। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन सरफराज के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर से गुजारिश की है कि सरफराज को एक और मौका दिया जाना चाहिए।

सरफराज मैच की स्थिति को बहुत तेजी से बदल सकते हैं

अजहरुद्दीन ने कहा कि सरफराज एक आक्रामक बल्लेबाज हैं, जो मैच की स्थिति को बहुत तेजी से बदल सकते हैं। उन्हें गेंदबाजों का दबाव झेलना पसंद नहीं है और यही एक अच्छे बल्लेबाज की पहचान होती है। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल पिचों पर अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बनाना सरफराज की क्वालिटी को दिखाता है। पूर्व कप्तान ने सरफराज की सीखने की भूख और कभी हार न मानने वाले रवैये की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत के लिए खेल चुके होने के बावजूद सरफराज अब भी खुद को बेहतर बनाना चाहता है, जो एक खिलाड़ी के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। फरवरी 2024 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले सरफराज अब तक छह टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं।
अजहरुद्दीन का मानना है कि अगर कोई बल्लेबाज हर स्तर पर रन बना रहा हो और फिर भी उसे मौका न मिले, तो यह निराशाजनक होता है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरफराज को जल्द ही टीम इंडिया में दोबारा खेलने का अवसर मिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या चयन समिति अजहरुद्दीन की इस अपील पर गौर करती है और सरफराज को फिर से सफेद जर्सी पहनने का मौका देती है।

Categorized in: