फ्राइडे संवाद. श्रीनगर
रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार जम्मू-कश्मीर की टीम ने खिताब अपने नाम किया है। बीते दिनों हुई फाइनल मुकाबले में 8 बार की चैम्पियन कर्नाटक को हराकर जम्मू-कश्मीर ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे 30 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी डार, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 60 विकेट लेकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया।

कौन हैं आकिब नबी?

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के शीरी गांव में जन्मे आकिब एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता गुलाम नबी डार एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जो बेटे को डॉक्टर बनाना चाहते थे। आकिब पढ़ाई में भी होनहार थे — आठवीं और दसवीं में जोनल लेवल पर टॉप किया और 12वीं में साइंस स्ट्रीम चुनी। मेडिकल कॉलेज की प्रवेश परीक्षा में कुछ अंकों से चूकने के बाद उन्होंने क्रिकेट को ही अपना करियर बनाने का फैसला किया। कहा जाता है कि पिता जब घर का दरवाजा बंद कर देते थे, तो आकिब खिड़की से कूदकर क्रिकेट खेलने निकल जाते थे।

शानदार प्रदर्शन का सफर

इस सीजन में आकिब की गेंदबाजी अजेय रही। रणजी ट्रॉफी 2024-25 में उन्होंने 44 विकेट लेकर दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज का खिताब हासिल किया। अगस्त 2025 में दलीप ट्रॉफी में सिर्फ 4 गेंदों पर 4 विकेट लिए। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 5 मैचों में 11 विकेट चटकाए। इस पूरे रणजी सीजन में उन्होंने 7 बार पांच या उससे अधिक विकेट लिए।

गेंदबाजी का राज

J&K के बॉलिंग कोच पी. कृष्णकुमार के अनुसार, आकिब का एक्शन बायोमैकेनिकल दृष्टि से परफेक्ट है, जिससे वे हर बार गेंद एक ही जगह और एक ही समय पर रिलीज करते हैं। उनकी स्विंग और सीम के खिलाफ रन बनाना बेहद मुश्किल हो जाता है।

आईपीएल और टीम इंडिया की दस्तक

दिसंबर 2025 की आईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने आकिब को मात्र 30 लाख के बेस प्राइज के मुकाबले 8.4 करोड़ रुपए में खरीदा। सौरव गांगुली और दिनेश कार्तिक जैसे दिग्गजों ने उन्हें जल्द से जल्द टीम इंडिया में शामिल करने की मांग की है। जम्मू-कश्मीर की धरती से उठा यह सितारा अब पूरे देश की उम्मीद बन चुका है।

Categorized in: