सीकर में IG केबी वंदना का कोचिंग गर्ल्स को संदेश: पढ़ाई के साथ खुद की रक्षा करना भी जरूरी सेक्सुअल और साइबर क्राइम से सतर्क रहने की दी सलाह
फ्राइडे संवाद. सीकर | क्राइम ब्रांच आईजी केबी वंदना ने कोचिंग गर्ल्स से कहा कि पढ़ाई के साथ खुद की रक्षा करना भी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सेक्सुअल क्राइम और साइबर क्राइम दोनों बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं और दोनों में कई बार शुरुआत थोड़ा आकर्षित करती है, लेकिन ये घातक साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को इंटेलीजेंट के साथ ही कॉन्फिडेंट और सेल्फ डिफेंसिव भी होना चाहिए। कोई छेड़ने की कोशिश करे तो उसे सेल्फ डिफेंस तकनीक के जरिए पंच और धोबी पछाड़ देकर अपनी रक्षा करनी चाहिए। आईजी केबी वंदना ने मंगलवार को सीकर की एक कोचिंग में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान कार्यक्रम के दौरान कोचिंग गर्ल्स स्टूडेंट्स से संवाद किया।
बेटियों के लिए सुरक्षा सखियां और पिंक हैल्प डेस्क बनाई
आईजी वंदना ने कहा कि बेटियां अपने अधिकारों के लिए सीधे पुलिस तक पहुंचें। बेटियों के लिए सुरक्षा सखियां और पिंक हैल्प डेस्क बनाई गई है। सीकर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट भी है, जो हर समय कोचिंग एरिया में ही गश्त करती है। उन्होंने कहा कि बेटियों को साइबर क्राइम से भी सावधान रहने की जरूरत है और साइबर क्राइम की आहट होने पर तुरंत पुलिस को इन्फॉर्मेशन देनी चाहिए। उनके अनुसार राजस्थान पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ एक्शन लेती है।
बेटियां हों AKCB : शिक्षित, जागरूक, आत्मविश्वासी और बहादुर
आईजी केबी वंदना ने कहा कि बेटियों को AKCB यानी एजुकेटेड (शिक्षित), नॉलेजेबल (जागरूक), कॉन्फिडेंट (आत्मविश्वासी) और ब्रेव (बहादुर) होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कोचिंग संस्थान की ओर से आईजी वंदना का सम्मान भी किया गया और छात्राओं ने उनसे सुरक्षा से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।