स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप के लिए आवेदन का मौका, 700 विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
फ्राइडे संवाद. जयपुर। स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना 2026-27 के तहत उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति पाने का एक और मौका दिया गया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवेदन पोर्टल दोबारा खोल दिया है। देश के विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में अध्ययन के इच्छुक पात्र विद्यार्थी 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत इस वर्ष कुल 700 छात्रवृत्तियां प्रदान की जानी हैं। इनमें देश के संस्थानों के लिए 600 और विदेश के चयनित संस्थानों के लिए 100 छात्रवृत्तियां निर्धारित हैं। देश में एनआईआरएफ रैंकिंग में 1 से 50 तक रैंक वाले संस्थानों के साथ मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र तथा आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग में 1 से 10 रैंक वाले संस्थानों को शामिल किया गया है। विदेश में टाइम्स हायर एजुकेशन की 1 से 50 रैंक वाले संस्थानों के लिए 100 सीटें निर्धारित हैं।
65 प्रतिशत अंक जरूरी
देश के संस्थानों में प्रवेश के लिए राजस्थान के मूल निवासी विद्यार्थी पात्र होंगे। आवेदन करने के लिए अर्हता परीक्षा में न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। योजना में परिवार की औसत वार्षिक आय के आधार पर भी श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। ई-1 श्रेणी में 8 लाख रुपए से कम और ई-2 श्रेणी में 8 से 25 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले विद्यार्थी शामिल होंगे।
25 अगस्त को पहली सूची
योजना के पहले चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित है। आवेदन में कमी-पूर्ति के लिए 18 अगस्त तक का समय मिलेगा। इसके बाद 25 अगस्त को पहली सूची जारी की जाएगी। दूसरे चरण के आवेदन 21 अगस्त से 7 सितंबर तक किए जा सकेंगे। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले पात्रता, संस्थान की रैंकिंग और आय संबंधी शर्तों की जांच कर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन पूरा करें। विदेशी संस्थानों के लिए पहले जारी समय-सारिणी ही लागू रहेगी।