अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप: छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपए, आवेदन 31 अगस्त तक पहला चरण 10 से 31 अगस्त और दूसरा 10 से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा
फ्राइडे संवाद. जयपुर | अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्राओं से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को स्नातक या डिप्लोमा पाठ्यक्रम की निर्धारित अवधि के दौरान हर साल 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। आवेदन का पहला चरण 31 अगस्त तक चलेगा। एसपीसीजीसी अजमेर की प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार बहरवाल ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक तथा सामाजिक रूप से वंचित समुदायों की छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में सहयोग देना है।
मेरिट आधारित नहीं है योजना
यह स्कॉलरशिप मेरिट आधारित नहीं है, बल्कि निर्धारित पात्रता और अन्य मानदंडों के आधार पर दी जाएगी। आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। सहायक निदेशक, कॉलेज शिक्षा, अजमेर संभाग प्रो. अनिल दाधीच ने संभाग के सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और समय पर आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
ये छात्राएं होंगी पात्र
योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जो 10वीं और 12वीं स्थानीय सरकारी विद्यालय से नियमित विद्यार्थी के रूप में उत्तीर्ण हों। सत्र 2026-27 में भारत के किसी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज या विश्वविद्यालय में स्नातक के प्रथम वर्ष में प्रवेश ले चुकी हों। स्नातक प्रथम वर्ष में नियमित मोड से प्रवेश लेने वाली छात्राएं ही पात्र होंगी, दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस मोड) से पढ़ाई करने वाली छात्राएं इसके लिए पात्र नहीं होंगी। इसके अलावा आवेदन के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
दो चरणों में होगा आवेदन
फाउंडेशन ने आवेदन प्रक्रिया को दो चरणों में बांटा है। पहला चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तक और दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक चलेगा। फाउंडेशन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आवेदन के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। छात्राओं और अभिभावकों को इस संबंध में किसी भी एजेंट या बिचौलिये को राशि न देने की अपील भी की गई है, ताकि वे किसी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हों।