ईरानी नाव में 3,000 करोड़ की ड्रग्स, 5 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
नई दिल्ली। ईरानी नाव में करीब 3,000 करोड़ रुपये कीमत की ड्रग्स के साथ पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को पकड़ा गया। अधिकारियों के अनुसार, नाव में करीब 526 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद की गई है। ड्रग्स को समुद्री रास्ते से मुंबई ले जाया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियों ने यह कार्रवाई 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पास की थी, जिसकी जानकारी बुधवार को सामने आई। खुफिया सूचना के आधार पर तटरक्षक बल ने समुद्र और हवाई माध्यम से निगरानी शुरू की। संदिग्ध नाव को लक्षद्वीप के पश्चिम में रोककर उसकी तलाशी ली गई। इसके बाद नाव, चालक दल और बरामद ड्रग्स को सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया, जहां आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया है कि इससे पहले अप्रैल 2025 में भी गुजरात तट के पास एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने करीब 311 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त किया था। इसकी कीमत लगभग 1,800 करोड़ रुपये बताई गई थी। यह खेप पाकिस्तान के पसनी पोर्ट से तमिलनाडु ले जाई जा रही थी। सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान तस्करों ने ड्रग्स समुद्र में फेंक दी थी और पाकिस्तान की समुद्री सीमा की ओर भाग गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा कार्रवाई से समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।