रामगढ़ शेखावाटी में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
फ्राइडे संवाद. रामगढ़ । रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और लंबित रेल मांगों को लेकर रेल ठहराव संघर्ष समिति ने आवाज बुलंद की है। समिति की ओर से मंडल रेल प्रबंधक, जयपुर के नाम स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र जी को ज्ञापन सौंपकर तीन प्रमुख मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में रामगढ़ शेखावाटी रेलवे स्टेशन पर कोच डिस्प्ले इंडिकेटर बोर्ड लगाने तथा प्लेटफॉर्म नंबर एक पर टीन शेड को दीवार तक बढ़ाने की मांग की गई, ताकि वहां की दीवार पर बनी सुंदर चित्रकारी धूप और बारिश से सुरक्षित रह सके। समिति ने बीकानेर–प्रयागराज एक्सप्रेस (12404/12403) और बीकानेर–इंदौर महामना एक्सप्रेस (19333/19334) का रामगढ़ स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा श्रीगंगानगर से जयपुर के डेहर का बालाजी तक प्रस्तावित नई ट्रेन जल्द शुरू करने और उसका ठहराव रामगढ़ शेखावाटी में देने की मांग की गई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बेहतर रेल सुविधाएं क्षेत्र के यात्रियों की आवश्यकता हैं और इनसे आवागमन सुगम होगा। इस दौरान समिति अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, महामंत्री मुज्जमिल भाटी, उपाध्यक्ष हर्ष पुरोहित, मीडिया प्रभारी आदिल दलखनिया और सुरेश सैनी मौजूद रहे। समिति ने रेलवे प्रशासन से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।