अब्दुल करीम चौहान की स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर, 240 यूनिट रक्त संग्रहित
फ्राइडे संवाद. सीकर | समाजसेवी एवं बकरामंडी सदर मरहूम अब्दुल करीम चौहान की याद में मंगलवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उनके भतीजे आजम बुखारी, बकरामंडी कमेटी एवं कुरेश बिरादरी की ओर से किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। मरहूम अब्दुल करीम चौहान का पिछले माह बीमारी के चलते इंतकाल हो गया था। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे और कुरेश बिरादरी के साथ-साथ अन्य बिरादरियों के लोगों की सेवा में भी सदैव तत्पर रहे। उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से समाजसेवा और मानव सेवा का संदेश दिया गया। शिविर में जयपुर से अर्जुन ब्लड बैंक एवं एसएस ब्लड बैंक, राजा पार्क की दो टीमों ने रक्त संग्रहण किया, जिनके द्वारा कुल 170 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। वहीं सीकर के ख्वाजा गरीब नवाज हॉस्पिटल की टीम ने 70 यूनिट रक्त संग्रहित किया। इस प्रकार शिविर में कुल 240 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण
आयोजन के दौरान कुरेश बिरादरी के गणमान्य लोगों एवं बकरामंडी के मोहल्लेवासियों ने मरहूम अब्दुल करीम चौहान को याद कर दुआ-ए- मगफिरत की। इस अवसर पर आजम बुखारी, खुर्शीद चौहान, सफी इस्माइल, याकूब सुल्तान, जाकिर चौहान, जाकिर खत्री, रफीक उस्मान गनी, जावेद मास्टर, अनवर चौहान, रसीद मत्ता, हमीद नागौरी, शरीफ शिफा, उमर चौहान, इकबाल मुंदिका सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर के आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मरहूम अब्दुल करीम चौहान की याद में आयोजित यह शिविर उनकी समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।