आगामी महीनों में ‘बड़े खाद्य संकट’ की आशंका: विदेश मंत्री एस. जयशंकर
नई दिल्ली. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ऐसी आशंका जताई है कि आने वाले महीनों में ‘बड़ा खाद्य संकट’ आ सकता है। उनका कहना है कि यूक्रेन और ईरान के बीच चल रहे संघर्षों की वजह से दुनिया पहले ही खाद की भारी कमी का सामना कर रही है और ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) की अर्थव्यवस्थाओं के लिए यह स्थिति ‘बहुत ज़्यादा तनावपूर्ण’ है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सोमवार को न्यूयॉर्क में एशिया सोसाइटी द्वारा आयोजित एक बातचीत के दौरान जयशंकर ने कहा कि यूक्रेन युद्ध और ईरान-खाड़ी संघर्ष का ग्लोबल साउथ की अर्थव्यवस्थाओं पर ‘विनाशकारी प्रभाव’ पड़ा है। उन्होंने कहा, ‘यह हमारे लिए बड़ी चिंता है। अगर आप इन दोनों संघर्षों,’ यूक्रेन और अब ईरान-खाड़ी संघर्ष, को देखें, तो इनका ग्लोबल साउथ की अर्थव्यवस्थाओं पर वास्तव में बहुत बुरा असर पड़ा है।’