गरबा में मुस्लिम युवाओं की शिरकत हराम: भोपाल के मुफ्ती नदवी
नवरात्र में होने वाले गरबा में मुस्लिम युवाओं के शामिल होने को भोपाल के मुफ्ती मोहम्मद गुफरान खान नदवी ने हराम बताया है। बुधवार रात सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि मुस्लिम युवाओं का दूसरी कौम के धार्मिक त्योहार या रस्म में शामिल होना जायज नहीं है। नदवी ने कहा कि जो व्यक्ति दूसरी कौम की मुशाबहत यानी अनुकरण इख्तियार करता है, वह उसी के तौर-तरीकों में शामिल माना जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आज के दौर में जो गरबा या हिंदू रस्म होती है, उसमें मुस्लिम लड़कों का शिरकत करना क्या जायज है? मुफ्ती ने कहा कि आजकल कुछ मुस्लिम युवक अपने दोस्तों के साथ गरबा में जाना बेहतर समझते हैं, लेकिन उन्हें इससे बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरी कौम की धार्मिक पहचान और रस्मों का अनुसरण करना उचित नहीं है।