पंचायतराज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज की
फ्राइडे संवाद. बारां। आगामी पंचायतराज चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 14 अक्टूबर को बारां जिले में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन नेशनल हाईवे-27 पर बमूलिया गांव स्थित जैन तीर्थ के पास किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एक निजी होटल में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। इसमें अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतराज संस्थाएं लोकतंत्र की नींव हैं। कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारों को आमजन तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत बनाने में जुटना होगा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सरकार के कार्यकाल से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार, किसानों को खाद, बिजली और पानी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है। आमजन को राहत देने के बजाय सरकार केवल घोषणाएं और वादे कर रही है। डोटासरा ने कहा कि पंचायतराज व्यवस्था ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे ठप कर दिया है। कांग्रेस आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दे रही है।