प्रयास है कि हर पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे: सीएम शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा को समर्पित “सेवा संकल्प रथों” के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। प्रयास है कि हर पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। सीएम ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भर बनेगी। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार इसी सोच के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। सरकार का जोर गांवों की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर है। इसी उद्देश्य से “विकसित गांव, विकसित भारत अभियान” के तहत ग्राम सभाओं और चौपालों के माध्यम से किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और बुजुर्गों से सुझाव लिए गए। इन सुझावों के आधार पर ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया।
पचपदरा रिफाइनरी प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू की
उन्होंने बताया कि ग्लोबल राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए, पचपदरा रिफाइनरी प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू की और 27,750 किलोमीटर से ज्यादा के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे विकसित किए जा रहे हैं। उनकी सरकार के वक्त 28 गीगावॉट सोलर बिजली बढ़ी है। सीएम के अनुसार, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में राजस्थान में 30 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। 1 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 410 से ज्यादा भर्ती परीक्षाएं बिना पेपरलीक करवाई गई हैं। अब 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली देने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुसार “वन स्टेट वन इलेक्शन” की अवधारणा को पूरा किया जा रहा है। पंचायतीराज चुनाव एक साथ करवाए जा रहे हैं, जबकि पहले अलग-अलग समय पर चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते थे।