एजुकेशन रिपोर्टर | नई दिल्ली देश की शीर्ष तकनीकी संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) अगले साल जनवरी 2026 से बीटेक छात्रों के लिए कई फ्री ऑनलाइन कोर्स शुरू करने जा रहे हैं। इन कोर्सों की अवधि 3 से 4 महीने की होगी और कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को संबंधित आईआईटी से सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। डेटा साइंस और एनालिटिक्स में बढ़ती मांग को देखते हुए यह पहल की गई है, जिससे छात्र अपनी तकनीकी स्किल्स को मजबूत कर सकें और भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।आईआईटी खड़गपुर, मद्रास और रुड़की की ओर से लॉन्च किए जा रहे इन कोर्सों में डेटा साइंस, पायथन, डेटा माइनिंग, एल्गोरिद्म और बिग डेटा एनालिसिस जैसे विषय शामिल हैं। सभी कोर्सों के लिए एनरॉलमेंट की अंतिम तिथि 26 जनवरी और रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 13 फरवरी तय की गई है।आईआईटी खड़गपुर एल्गोरिद्म और ग्राफ थ्योरी पर आधारित कोर्स लेकर आ रहा है, जो सीएसई छात्रों के लिए उपयोगी होगा। यह कोर्स 19 जनवरी से 10 अप्रैल तक चलेगा। इसके अलावा खड़गपुर का डेटा माइनिंग का दो महीने का कोर्स प्रैक्टिकल आधारित होगा, जिसमें असली कंपनियों के उदाहरणों के जरिए डेटा से ट्रेंड और पैटर्न निकालना सिखाया जाएगा। वहीं स्टेटिस्टिकल फाउंडेशन और बिग डेटा एनालिसिस कोर्स में नेटवर्क और सोशल नेटवर्क एनालिसिस की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।आईआईटी रुड़की द्वारा शुरू किया जा रहा डेटा एनालिटिक्स पायथन कोर्स छात्रों को पायथन के जरिए एनालिटिक्स की प्रैक्टिकल नॉलेज देगा। इसमें इंडस्ट्री से जुड़े केस स्टडी और रियल-लाइफ उदाहरणों को शामिल किया गया है, जिससे मैनेजमेंट और सीएसई स्टूडेंट्स को खास फायदा मिलेगा।आईआईटी मद्रास का डेटा साइंस फॉर इंजीनियर्स कोर्स एनालिटिक्स में करियर शुरू करने वालों के लिए शुरुआती प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा पायथन फॉर डेटा साइंस नामक शॉर्ट टर्म कोर्स में पायथन के जरिए डेटा प्रोसेसिंग और एल्गोरिदम सॉल्विंग पर फोकस किया जाएगा।विशेषज्ञों का मानना है कि इन फ्री ऑनलाइन कोर्सों से छात्रों को तकनीकी दक्षता बढ़ाने, इंडस्ट्री-रेडी बनने और जॉब मार्केट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
