कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय बैठक, बिहार चुनाव की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मुख्यालय में अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव की विस्तृत समीक्षा की गई और आने वाले राज्यों के चुनावों की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श हुआ। बैठक का संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अहमद खान ने किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के चेयरमैन एम.डी. चोपदार ने बिहार के बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र में पर्यवेक्षक का दायित्व निभाया। उन्होंने इमरान प्रतापगढ़ी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान की बात थी।
राजस्थान की प्रगति पर चर्चा
बैठक में राजस्थान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की संगठनात्मक गतिविधियों, वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और जमीनी स्तर पर काम करने पर जोर दिया। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा, “हम चुनाव हारे हैं, हौसला नहीं।” उन्होंने राहुल गांधी और इमरान प्रतापगढ़ी के नेतृत्व में एकजुट होकर दोगुनी ताकत के साथ आने वाले चुनावों में उतरने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी अपनी कमियों से सबक लेकर नई ऊर्जा और रणनीति के साथ आगामी चुनावी चुनौतियों का सामना करेगी। अल्पसंख्यक समुदाय को साथ लेकर पार्टी जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।