देश में एक साल में 64 हजार नए करोड़पति जुड़े, फाइनेंस-आईटी सेक्टर सबसे आगे
नई दिल्ली । देश में एक करोड़ रुपए से ज्यादा सालाना कमाने वाले लोगों की संख्या अब 5 लाख 35 हजार 672 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा 64 हजार लोग बीते एक साल में ही इस श्रेणी में जुड़े हैं। आयकर विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में एक करोड़ से ज्यादा कमाई करने वालों की संख्या में 13.63 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में यह बढ़त 34.70 प्रतिशत रही थी। वहीं 2023-24 में 30.01 प्रतिशत और 2022-23 में 38.90 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई थी। सबसे ज्यादा नए करोड़पति फाइनेंस सर्विसेज, आईटी, एआई, डिजिटल कारोबार, हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े क्षेत्रों में सामने आए हैं।
100 करोड़ से ज्यादा कमाने वालों में भी उछाल
देश में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा सालाना कमाने वालों की संख्या भी बढ़कर 576 हो गई है, जो पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 39 प्रतिशत ज्यादा है। इससे पहले 2024-25 में यह आंकड़ा 415 (46 प्रतिशत बढ़त), 2023-24 में 284 (5 प्रतिशत गिरावट) और 2022-23 में 301 (111 प्रतिशत बढ़त) रहा था। शेयर बाजार का डेटा बताता है कि बीते एक साल में करीब 20 स्टार्टअप शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुए, जिनके कर्मचारियों को मिले एम्पलॉई स्टॉक ऑप्शन, ऊंचे पदाधिकारियों और ग्लोबल कॉन्ट्रैक्टर्स की कमाई ने भी नए करोड़पतियों की सूची बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
किस सेक्टर से आए कितने करोड़पति
हुरून रिच इंडिया लिस्ट के अनुसार, एक करोड़ से ज्यादा कमाने वालों में सबसे बड़ी हिस्सेदारी 22 प्रतिशत के साथ फाइनेंस सर्विसेज सेक्टर की रही। इसके बाद आईटी-एआई सेक्टर से 18 प्रतिशत, रियल एस्टेट से 13 प्रतिशत, इलेक्ट्रॉनिक्स से 11 प्रतिशत, ऑटो-डिफेंस से 11 प्रतिशत और फार्मा-हेल्थकेयर सेक्टर से 9 प्रतिशत नए करोड़पति सामने आए। इसके अलावा ट्रेडिंग व ई-कॉमर्स सेक्टर से 8 प्रतिशत, स्टार्टअप्स से 6 प्रतिशत और इंफ्लुएंसर-मनोरंजन क्षेत्र से भी 6 प्रतिशत लोग करोड़पतियों की सूची में शामिल हुए।