*नंदीग्राम उप-चुनाव: शुभेंदु का अल्पसंख्यकों से “दोस्ती” का दांव, बोले- भारत माता की जय बोल सकते हैं*
नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल): हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को होने वाले उप-चुनाव से पहले मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। शुक्रवार को मुस्लिम बहुल इलाके बिरुलिया बाजार में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने अल्पसंख्यक मतदाताओं से बीजेपी को समर्थन देने की भावुक अपील की।
शुभेंदु ने कहा कि मुस्लिम समाज “जय श्री राम” न बोलना चाहे तो न बोले, लेकिन “भारत माता की जय” तो बोल ही सकता है। उन्होंने इस उप-चुनाव को बीजेपी के साथ “दोस्ती का हाथ बढ़ाने का सबसे शुभ अवसर” बताया।
पार्टी प्रत्याशी हसिरानी रथ के समर्थन में प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का अस्तित्व अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उनके मुताबिक ऐसी स्थिति में बीजेपी से दूरी बनाए रखने से अल्पसंख्यक समाज को अब कोई फायदा नहीं होगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नंदीग्राम में मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या को देखते हुए शुभेंदु की यह अपील चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। यह सीट पहले भी राज्य की राजनीति में बेहद प्रतिष्ठा का सवाल रही है, इसलिए यहां का नतीजा सत्तारूढ़ दल और विपक्ष, दोनों के लिए अहम माना जा रहा है।
मतदान 6 अक्टूबर को होगा। अब देखना होगा कि शुभेंदु की “दोस्ती” की यह पहल मतदाताओं को कितना प्रभावित कर पाती है।