एफआर न्यूज. जयपुर। राजस्थान में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी नेताओं को बारीकी से मॉनिटरिंग का निर्देश दिया है। दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने स्पष्ट संदेश दिया कि राजस्थान में किसी भी प्रकार की वोट चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जूली ने कहा, “कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मान्यता है कि मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित होनी चाहिए। इसमें किसी भी फर्जी नाम का प्रवेश न हो और किसी भी वैध मतदाता का नाम न कटे, यह हमारी प्राथमिक प्रतिबद्धता है।” उन्होंने बताया कि वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया पर पार्टी की पूरी नजर है और सभी बीएलए, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी सतर्कता से काम कर रहे हैं।
झोटवाड़ा में विवाद
इसी बीच जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र के रघुनाथपुरी वार्ड नंबर 33 में गंभीर विवाद सामने आया है। स्थानीय युवकों ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) पर घर-घर जाकर फॉर्म नहीं देने और मनमाने तरीके से वोटर लिस्ट से नाम काटने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वायरल हो रहे वीडियो में बीएलओ और युवकों के बीच तीखी बहस देखी जा सकती है। आक्रोशित युवकों ने सवाल किया, “आपको कितने नाम काटने का टारगेट दिया गया है? किस आधार पर नाम काटे गए? आप सरकार के लिए काम कर रहे हो या किसी दूसरी एजेंसी के लिए?” युवकों ने आरोप लगाया कि बीएलओ ने घर-घर जाकर फॉर्म नहीं दिए और अपने स्तर पर ही नाम काट दिए। कांग्रेस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईआर प्रक्रिया में व्यापक अनियमितता के आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
