लक्ष्मणगढ़ के मकबूल मोदी: रंगाई के काम से 45 देशों तक फास्ट फूड का सफर
फ्राइडे संवाद, सीकर। हमारी नई सीरीज ‘सफलता’ में आज हम एक ऐसे शख्स की कहानी साझा कर रहे हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखे और उन्हें हकीकत में बदल दिया। यह कहानी है सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में वर्ष 1965 में जन्मे मकबूल मोदी की। कपड़ों की रंगाई का काम करने वाले परिवार में जन्मे मकबूल चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। पारिवारिक परिस्थितियां भले ही सामान्य थीं, लेकिन उनके सपने बड़े थे। बेहतर अवसरों की तलाश में वे सऊदी अरब पहुंचे, जहां उन्होंने एक बड़े फास्ट फूड ब्रांड के साथ करीब 10 वर्षों तक काम किया और इस क्षेत्र की बारीकियां सीखीं।
इसके बाद उन्होंने दुबई का रुख किया और यहीं से उनके कारोबारी सफर ने नई उड़ान भरी। उन्होंने ‘Chicking’ ब्रांड की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बतौर डायरेक्टर ऑपरेशंस इसके कारोबार को 45 देशों तक पहुंचाने में योगदान दिया।
सीकर को दिया फास्ट फूड का नया स्वाद
दुबई में सफलता हासिल करने के बाद मकबूल मोदी ने अपने गृह जिले सीकर के लिए कुछ करने का फैसला किया। वर्ष 2009 में उन्होंने सीकर में राजस्थान के शुरुआती स्थानीय फास्ट फूड ब्रांड्स में से एक ‘Chickees’ की शुरुआत की। उस समय सीकर में बर्गर और फास्ट फूड का चलन आज की तरह नहीं था। ऐसे में लोगों को नए स्वाद से जोड़ना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। लगातार मेहनत और बेहतर गुणवत्ता के दम पर Chickees ने अपनी पहचान बनाई और आज सीकर के साथ-साथ फतेहपुर में भी लोग इसे पसंद कर रहे हैं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मकबूल मोदी ने दुबई के प्रसिद्ध पिज्जा ब्रांड ‘Peminos’ की शुरुआत सीकर में की है। यहां ताजा बेस तैयार कर पिज्जा बनाया जाता है।
35 साल का अनुभव और माता-पिता की दुआएं
होटल इंडस्ट्री में करीब 35 वर्षों का अनुभव रखने वाले मकबूल मोदी भावुक होकर कहते हैं कि एक छोटे से कस्बे से निकलकर 45 देशों तक पहुंचने का सफर उनके माता-पिता की दुआओं, मेहनत और सीकर की जनता के प्यार का परिणाम है।
मकबूल मोदी की कहानी सिर्फ एक कारोबारी सफलता की कहानी नहीं, बल्कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणादायक मिसाल है। शिक्षा नगरी सीकर से निकली उनकी यह सफलता आज क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
Visionary person with great dedication for work Best Wishes 🙏🙏🙏