2-8 अक्टूबर तक इंडिया ब्लॉक निकालेगा लोकतंत्र बचाओ मार्च
फ्राइडे संवाद. नई दिल्ली
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दल बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। नई दिल्ली में बुधवार को इंडिया ब्लॉक के दलों ने बैठक कर संयुक्त रणनीति बनाई। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि इंडिया गठबंधन 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालेगा। 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च निकालेंगे और अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
इस बैठक में कांग्रेस, टीएमसी, एनसीपी (एसपी), शिवसेना (यूबीटी), राजद, सीपीआईएम, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, झामुमो समेत 19 दल और निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल शामिल हुए। जबकि आम आदमी पार्टी और डीएमके ने इस बैठक से दूरी बनाए रखी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी बैठक में नहीं आए। इन दलों की गैरमौजूदगी विपक्षी एकता के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
2003 की वोटर लिस्ट की जानकारी नहीं देनी होगी
जिन 20 राज्यों/यूटी में एसआईआर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां चुनाव आयोग ने फॉर्म-6 में बदलाव किया है। अब एसआईआर में नाम कटने के बाद दोबारा नाम जुड़वाने के लिए 2003 की वोटर लिस्ट की जानकारी नहीं देनी होगी। फॉर्म-6 से इससे जुड़ा घोषणा-पत्र हटा दिया गया है। हालांकि वोटर बनने की पात्रता की जांच पहले की तरह होगी। फॉर्म-6 की सामान्य प्रक्रिया भी जारी रहेगी।