नई दिल्ली | डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 29 अक्टूबर को आयोजित 44वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप 2025 की डबल ट्रैप प्रतियोगिता में खदीजा रब्बानी ने युथ महिला श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में नॉर्थ जोन के दस राज्यों – दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डबल ट्रैप शूटिंग की इस कठिन स्पर्धा में खदीजा ने अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। कोच सय्यद साद अली ने जानकारी देते हुए बताया कि खदीजा ने लगातार अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ इस प्रतियोगिता की तैयारी की थी। उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि खदीजा के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी।” नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप देश की प्रमुख शूटिंग प्रतियोगिताओं में से एक है, जो युवा निशानेबाजों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
