जयपुर। राजस्थान मदरसा बोर्ड के चेयरमैन एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में यूथ अफेयर्स द्वारा आयोजित युवा संसद में बतौर अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजनीति और राष्ट्र निर्माण में रुचि रखने वाले युवा शामिल हुए।
अपने संबोधन में चोपदार ने देश के निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि अठारह वर्ष की आयु में वोट का अधिकार, सूचना का अधिकार (आरटीआई) और स्वास्थ्य का अधिकार—ये सभी मील के पत्थर कांग्रेस शासन में ही संभव हुए। उन्होंने याद दिलाया कि युवा मताधिकार का ऐतिहासिक निर्णय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा लिया गया, जबकि सूचना के अधिकार जैसा सशक्त हथियार देश को डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मिला। राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासन को जनकल्याणकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में ₹25 लाख तक का नि:शुल्क इलाज जैसी योजनाएँ कांग्रेस के संवेदनशील व जनसमर्पित प्रशासन की पहचान हैं।

युवाओं से जागरूक और सजग रहने का आह्वान

चोपदार ने वर्तमान समय में बढ़ती सांप्रदायिकता, भेदभाव और विभाजनकारी प्रवृत्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से जागरूक और सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “भारत विविधताओं का देश है—धर्म, भाषा, संस्कृति भिन्न होते हुए भी तिरंगा हमें एक सूत्र में जोड़ता है। इस एकता को अक्षुण्ण रखने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।” कार्यक्रम में किशनपोल विधायक अमीन कागजी, आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता व राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वैभव गहलोत सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में चोपदार ने आयोजन के लिए यूथ अफेयर्स के फाउंडर हसन अमन, सह-अध्यक्ष सांझी और सांची का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने युवाओं को एकजुट होकर सकारात्मक राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करने का संदेश दिया।

Categorized in: