देशभर में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर, घना कोहरा और बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस सप्ताह के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिसके चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड और बढ़ेगी।
आईएमडी के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ 17 दिसंबर की रात पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुआ, जबकि दूसरा 21 दिसंबर तक असर दिखाएगा। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी भारत में पछुआ जेट स्ट्रीम 120 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, जिससे ठिठुरन और तेज हो गई है।
इन मौसमी सिस्टम्स के असर से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 18 से 21 दिसंबर के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 20-21 दिसंबर और उत्तराखंड में 21 दिसंबर को बर्फबारी के आसार हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16-17 दिसंबर को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम भी ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार झेल रहा है। राजधानी में सुबह के समय घना कोहरा और स्मॉग देखने को मिल रहा है, हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है। आईएमडी के अनुसार, अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा, इसके बाद आंशिक बादल छा सकते हैं। वहीं वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का AQI 358 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड और प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Categorized in: