फ्राइडे संवाद. जयपुर | डेंटिस्ट व कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. स्वालेहा खान का कहना है कि स्किन केयर और मेकअप प्रोडक्ट्स को दूसरों के साथ शेयर करना त्वचा के लिए गंभीर नुकसानदेह हो सकता है। अक्सर लोग लिपस्टिक, क्रीम, फाउंडेशन, काजल या फेस वॉश आपस में इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन यह आदत त्वचा संक्रमण, मुंहासे, फंगल इंफेक्शन और एलर्जी का कारण बन सकती है। डॉ. स्वालेहा बताती हैं कि हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है—किसी की ऑयली, किसी की ड्राई तो किसी की सेंसिटिव। ऐसे में जो प्रोडक्ट एक व्यक्ति को सूट करता है, वही दूसरे के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। खासतौर पर जार वाले क्रीम, लिप प्रोडक्ट्स और आई-मेकअप में बैक्टीरिया बहुत तेजी से पनपते हैं। जब इन्हें साझा किया जाता है तो संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
सिर्फ प्रोडक्ट्स ही नहीं बल्कि मेकअप ब्रश और स्पॉन्ज की सफाई भी बेहद जरूरी
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि मुंह, आंख और चेहरे के आसपास इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स से हर्पीस, कंजक्टिवाइटिस और स्किन रैश जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए निजी स्वच्छता के लिहाज से स्किन केयर और मेकअप प्रोडक्ट्स पूरी तरह पर्सनल होने चाहिए। डॉ. स्वालेहा खान के अनुसार, सिर्फ प्रोडक्ट्स ही नहीं बल्कि मेकअप ब्रश और स्पॉन्ज की सफाई भी बेहद जरूरी है। गंदे ब्रश बैक्टीरिया का घर बन जाते हैं, जिससे बार-बार पिंपल्स और इंफेक्शन हो सकते हैं। ब्रश और स्पॉन्ज को हफ्ते में कम से कम एक बार माइल्ड क्लेंजर या शैम्पू से अच्छी तरह धोकर सुखाना चाहिए। अंत में वे सलाह देती हैं कि साफ-सफाई, सही प्रोडक्ट का चयन और उसे दूसरों के साथ शेयर न करना स्वस्थ और चमकदार त्वचा के लिए सबसे जरूरी कदम है।
