निकाय-पंचायत चुनाव: कांग्रेस आधे टिकट 50 साल से कम उम्र वालों को देगी हाईकोर्ट के फैसले के बाद तैयारियां तेज, डोटासरा बोले— उम्रदराज नेता खुद जवानों को तैयार करें
फ्राइडे संवाद. जयपुर। हाईकोर्ट के फैसले के बाद राजस्थान में स्थानीय निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों ने चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है कि इस बार शहरी निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में आधे टिकट 50 साल से कम उम्र के उम्मीदवारों को दिए जाएंगे। यानी पार्षद, नगर पालिका अध्यक्ष, सभापति और मेयर पद के लिए आधे उम्मीदवार युवा वर्ग से चुने जाएंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी मुख्यालय में शहरी निकायों के चुनावों की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में यह घोषणा दोहराई। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले ही तय कर चुकी है कि शहरी निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में 50 प्रतिशत टिकट 50 साल से कम उम्र वालों को दिए जाएंगे। जिन नेताओं की उम्र इससे अधिक है, उन्हें अपनी जगह युवा उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार करना होगा। डोटासरा ने स्पष्ट किया कि 70-80 साल की उम्र में टिकट मांगने पर दिक्कत जरूर आएगी, हालांकि आधे टिकट अब भी 50 साल से अधिक उम्र वालों के लिए सुरक्षित रहेंगे।एक वार्ड से दूसरे वार्ड में कूदने वालों को नहीं मिलेगा टिकटबैठक में डोटासरा ने उन नेताओं पर भी निशाना साधा जो जीत की संभावना देखकर एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई नेता हर बार वार्ड बदलकर चुनाव लड़ता है तो उस वार्ड के मूल निवासियों के लिए मौका ही नहीं बचेगा। इसलिए इस बार वार्ड से बाहर के उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि केवल अपनी सोच को ही सही मानना उचित नहीं, हर वार्ड के राजनीतिक समीकरण अलग हो सकते हैं, लेकिन बार-बार वार्ड बदलने की परंपरा अब नहीं चलेगी।जीत के बाद पाला न बदलें, हाईकमान के फैसले के साथ खड़े रहेप्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि जीतने में सक्षम कई नेता जोड़-तोड़ करके अपना बोर्ड बना लेते हैं और चेयरपर्सन बन जाते हैं, जबकि कई कांग्रेस के टिकट पर जीतने के बावजूद पार्टी छोड़कर चले जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस तरह की गंदी राजनीति से दूर रहें और पार्टी हाईकमान जिसे टिकट दे या जिसे निकाय प्रमुख बनाए, उसी के साथ मजबूती से खड़े रहें।उदयपुर डिक्लेरेशन में हुई थी घोषणागौरतलब है कि कांग्रेस ने मई 2022 में उदयपुर में हुई चिंतन बैठक के बाद जारी उदयपुर डिक्लेरेशन में 50 प्रतिशत टिकट 50 साल से कम उम्र वालों को देने की घोषणा की थी। अब पहली बार शहरी निकाय और पंचायतीराज चुनावों में इस फार्मूले का पालन होने जा रहा है। इससे पहले दोनों संस्थाओं के चुनाव एक साथ नहीं हुए थे। पार्टी ने फेजमैनर में इस फार्मूले को लागू करने की घोषणा की है, जिससे इस बार निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं में युवाओं को अधिक मौका मिलने की उम्मीद है।