फतेहपुर पुलिस ने अवैध हरी लकड़ी से भरे तीन पिकअप किए जब्त
फ्राइडे संवाद. फतेहपुर (सीकर)। फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अवैध रूप से हरी खेजड़ी की लकड़ी का परिवहन कर रहे तीन पिकअप वाहनों को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी फतेहपुर के पर्यवेक्षण में चलाया गया। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई की रात सालासर–चूरू हाईवे पर विशेष नाकाबंदी के दौरान तीन पिकअप वाहनों में हरी खेजड़ी की लकड़ी ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान HR 61F-5401, HR 61F-8552 और HR 61E-8054 नंबर के वाहनों को लकड़ी सहित जब्त कर लिया गया। मामले में वन विभाग भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने का संदेश दिया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।