सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता: रिटायर्ड कमांडर मोहम्मद युसूफ खोखर
फ्राइडे संवाद. सीकर। फतेहपुर रोड स्थित ए.आर. मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रेरणादायक मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय नौसेना के रिटायर्ड कमांडर मोहम्मद युसूफ खोखर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर मेहनत आवश्यक है। लक्ष्य तय कर पूरी लगन से प्रयास करने वालों को सफलता से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं से देश सेवा का आह्वान करते हुए कहा कि इसके लिए कठिन परिश्रम और समर्पण की आवश्यकता होती है। एडवोकेट मोहम्मद रफीक गौड़ ने कहा कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक मजबूत हौसला जरूरी है। शिक्षक यूसुफ अली ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सैफ अली गौरी ने किया, जबकि अंत में संस्था निदेशक तौफीक चौहान ने सभी का आभार व्यक्त किया। सेमिनार में विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।