सीकर में नए यातायात प्रभारी मनोज भाटीवाड़ एक्शन मोड में, अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
फ्राइडे संवाद. सीकर (आदिल कुरैशी)। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नए यातायात प्रभारी मनोज भाटीवाड़ इन दिनों एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में यातायात पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है। यातायात प्रभारी मनोज भाटीवाड़ ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों और अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन की सुविधा के लिए हैं और इन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि सीकर अपनी शिक्षा नगरी की पहचान के कारण पूरे प्रदेश में विशेष स्थान रखता है। इस गौरवशाली पहचान को बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक सीकरवासी की भी जिम्मेदारी है। यदि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तो शहर की व्यवस्था और सुंदरता दोनों में सुधार होगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करें और प्रशासन के अभियान में सहयोग दें, ताकि सीकर की पहचान एक व्यवस्थित और अनुशासित शिक्षा नगरी के रूप में और अधिक मजबूत हो सके।