सीकर में कुरैशी समाज के छात्रावास के लिए भूमि चयन पर मंथन
फ्राइडे संवाद. सीकर। दो दिन पूर्व सीकर में कुरैशी महासभा संस्थान राजस्थान के प्रदेश महासचिव साजिद सुलेमानी का कुरैशी समाज द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज के लिए छात्रावास निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि खरीदने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने छात्रावास के लिए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कराया। इनमें फतेहपुर रोड स्थित रसीदपुरा के पास, नवलगढ़ रोड झुंझुनूं बाईपास क्षेत्र तथा जयपुर रोड स्थित गोकुलपुरा के आसपास की जमीनों पर चर्चा की गई। उद्देश्य ऐसे स्थान का चयन करना है, जहां छात्र-छात्राओं को शिक्षा, आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। छात्रावास आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा प्रदेश महासचिव साजिद सुलेमानी ने कहा कि समाज का छात्रावास ऐसे स्थान पर बनाया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को कोचिंग संस्थानों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि छात्रावास आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग मिल सके। बैठक में उपस्थित समाज के लोगों ने भी भूमि चयन को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए और छात्रावास निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर सीकर जिला कुरैशी महासभा के अध्यक्ष हाजी कबीर अहमद चौहान, प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. रशीद अहमद चौहान, प्रदेश सचिव मोहम्मद अली बड़गूजर, जिला कमेटी सदस्य हाजी मकबूल अहमद चौहान, यूथ विंग जिला अध्यक्ष सादिक बड़गूजर, शहर अध्यक्ष हमिद नागोरी, यूथ विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद चौहान, रुस्तम अली गौरी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।