तृतीय श्रेणी शिक्षकों का शहीद स्मारक पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से बातचीत विफल, अब इस्तीफे की मांग तबादला नीति लागू करने की मांग को लेकर धरना जारी, प्रशासन ने काटी लाइट और हटाया जनरेटर
फ्राइडे संवाद. जयपुर | तबादला नीति लागू करने की मांग को लेकर जयपुर के शहीद स्मारक पर तृतीय श्रेणी शिक्षकों (ग्रेड थर्ड टीचर्स) ने बुधवार को प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने जल्द तबादले शुरू करने, डेपुटेशन नीति में पारदर्शिता लाने और सालों से लंबित मांगों का समाधान करने की मांग उठाई। शिक्षकों के बढ़ते विरोध के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बातचीत का न्योता दिया, जिसके बाद 5 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री से मिलने गया। इस दौरान शिक्षक संघ के संरक्षक सूरजभान सिंह समस्याओं की पोटली लेकर निकले, लेकिन यह बातचीत विफल हो गई।
मांगों पर सहमति नहीं बन पाई : महेश सैनी
तृतीय श्रेणी शिक्षक संघर्ष समिति के प्रदेश सहसंयोजक महेश कुमार सैनी ने बताया कि शिक्षा मंत्री के साथ हुई बातचीत में उनकी मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। उन्होंने हमेशा की तरह रटी-रटाई बातें दोहराई और कहा कि ग्रेड थर्ड टीचर्स के ट्रांसफर नहीं होते हैं। शिक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे धरनास्थल से नहीं हटेंगे और यह आंदोलन खत्म नहीं होगा, बल्कि दिन-ब-दिन और बढ़ेगा। इससे पहले प्रशासन ने धरनास्थल की लाइट काट दी और जनरेटर हटा दिया, इसके बावजूद अंधेरा होने के बाद भी बड़ी संख्या में शिक्षक डटे रहे।
अब शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
ग्रेड थर्ड शिक्षक संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक सुनील महला ने कहा कि राजस्थान सरकार अपने चुनावी वादे से मुकर रही है। प्रदेश में 100 दिन में थर्ड ग्रेड शिक्षकों का ट्रांसफर करने का वादा कर सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन 2 साल से ज्यादा का वक्त बीत गया है और अब तक सरकार शिक्षकों की सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि वे हिम्मत नहीं हारेंगे। पहले वे सरकार से सिर्फ ट्रांसफर की मांग कर रहे थे, लेकिन अब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का इस्तीफा चाहते हैं। जब तक सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करेगी, तब तक उनका यह धरना जारी रहेगा।