ChatGPT में आया वर्चुअल ट्राई-ऑन, अपनी फोटो पर देखकर चुन सकेंगे कपड़े
नई दिल्ली: OpenAI ने ChatGPT के जरिए ऑनलाइन खरीदारी को आसान बनाने के लिए दो नए शॉपिंग फीचर शुरू किए हैं। इनमें वर्चुअल ट्राई-ऑन और फेवरेट शामिल हैं।
वर्चुअल ट्राई-ऑन की मदद से यूजर बिना चेंजिंग रूम गए कपड़े और एक्सेसरी खुद पर देखकर पसंद कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपनी सेल्फी या पूरे शरीर की फोटो अपलोड करनी होगी। इसके बाद ChatGPT चुने गए प्रोडक्ट को यूजर की फोटो पर दिखाकर उसका वर्चुअल लुक तैयार करेगा। यूजर शॉपिंग रिजल्ट में मिलने वाले ट्राई-ऑन विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर किसी पसंदीदा कपड़े या एक्सेसरी की पहले से फोटो या वेबसाइट का स्क्रीनशॉट मौजूद है, तो उसे भी अपलोड किया जा सकता है।
यह सुविधा सिर्फ किसी एक प्रोडक्ट को आजमाने तक सीमित नहीं है। यूजर अपनी पसंद का आउटफिट या खास स्टाइल बताकर उससे मिलते-जुलते कपड़े और एक्सेसरी खोजने के लिए कह सकते हैं। किसी सेलिब्रिटी के आउटफिट की फोटो अपलोड करके उसमें मौजूद खरीदने लायक आइटम भी तलाशे जा सकते हैं।
OpenAI के अनुसार, यह फीचर ChatGPT इमेज 2.5 मॉडल पर काम करता है, जो फोटो एडिटिंग और इमेज तैयार करने में बेहतर माना जाता है।
कंपनी ने फेवरेट फीचर भी जोड़ा है, जिससे यूजर शॉपिंग के दौरान पसंद आए प्रोडक्ट को सेव कर सकेंगे। इससे उन्हें दोबारा वही प्रोडक्ट खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सेव किए गए प्रोडक्ट के साथ वर्चुअल ट्राई-ऑन से तैयार फोटो भी दिखाई दे सकती है।
कंपनी का कहना है कि इन बदलावों का मकसद ऑनलाइन शॉपिंग में AI की भूमिका बढ़ाना है, ताकि यूजर आसानी से प्रोडक्ट खोज और चुन सकें।