सीकर वार्ड 60 को मिली विकास की सौगात; सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ
फ्राइडे संवाद. सीकर | नगर परिषद सीकर के वार्ड नंबर 60 के वाशिंदों को विकास की बड़ी सौगात मिली है। शुक्रवार को सभापति प्रतिनिधि जीवन खान, पार्षद ऐजाज अहमद खोखर और वार्डवासियों की उपस्थिति में वार्ड में सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। सीवरेज कार्य के बाद सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। यह सड़क निर्माण कार्य वार्ड नंबर 60 में सीकर-चूरू रेलवे लाइन के फाटक नंबर 1 से जीवन महाविद्यालय होते हुए सीकर-झुंझुनूं रेलवे लाइन फाटक तक कराया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय निवासियों को लंबे समय से आ रही परेशानियों से राहत मिलेगी। इस अवसर पर सभापति प्रतिनिधि जीवन खां ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, नाली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना परिषद की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में सभापति प्रतिनिधि जीवन खां, वार्ड नंबर 60 के पार्षद ऐजाज अहमद खोखर, रमेश शर्मा, निसार अहमद जाटू, मुमताज खां भाटी, मुश्ताक खोखर, अब्दुल सत्तार मेवाफरोश, अब्दुल वाहिद कछावा, मोहम्मद रफीक भाटी, मोहम्मद शफीक भाटी आदि गणमान्यजनों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। विकास कार्य के शुभारंभ से वार्डवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।