सीजेपी का नया प्लान: मुंबई के बाद सीधे दिल्ली कूच, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर जुटेगी कॉकरोच जनता पार्टी
नई दिल्ली/मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के बाद अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए सीधे दिल्ली कूच का ऐलान किया है। संगठन ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर जुटने की घोषणा की है। सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना दूसरा आंदोलन चला रही है।
एक न्यूज रिपोर्ट के बाद ज्ञानेश कुमार के निशाने पर आने पर सीजेपी ने आंदोलन का एलान किया था। तब अभिजीत दीपके ने कहा था कि दिल्ली पहुंचने से पहले देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन किए जाएंगे। अब इस योजना को बदलते हुए शिवाजी पार्क के प्रदर्शन के तुरंत बाद दीपके ने दिल्ली में जुटने की घोषणा कर दी।
बाद में आशुतोष रांका ने बताया कि सीजेपी की नेशनल वर्किंग कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। हालांकि, संगठन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि देश के कई शहरों में जाने की योजना क्यों छोड़ी गई और सीधे दिल्ली आने का निर्णय क्यों लिया गया।
जंतर-मंतर पर पुलिस की ओर से रोक लगाए जाने की आशंका को देखते हुए सीजेपी ने पहले से ही काट तैयार कर ली है। पार्टी का कहना है कि पुलिस उन्हें जिस स्थान पर रोकेगी, उसी जगह को ‘जंतर-मंतर’ मान लिया जाएगा और वहीं प्रदर्शन होगा।
अब सबकी नजर 10 अक्टूबर पर टिकी है, जब यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली पुलिस की प्रतिक्रिया क्या रहती है और आंदोलन किस दिशा में जाता है।