आईपीएस मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में मिलेगा ‘एशियन हीरो अवॉर्ड’
फ्राइडे संवाद. बिहार के मुजफ्फरपुर में सिटी एसपी के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में आयोजित होने वाले सातवें वर्ल्ड पेयर एंड फेस्टिवल के दौरान ‘एशियन हीरो अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 13 दिसंबर 2026 को फ्लोरिडा के टैम्पा में आयोजित होगा। आयोजक संस्था ने उन्हें लोकसेवा, नेतृत्व, ईमानदारी और समाज कल्याण में योगदान के लिए इस सम्मान के लिए चुना है। मोहिबुल्लाह अंसारी का जीवन संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायक कहानी है। स्कूली दिनों में पढ़ाई में कमजोर रहने के कारण वे प्री-बोर्ड परीक्षा में असफल हो गए थे। पिता की डांट और तानों के बाद उन्होंने मेहनत को अपना लक्ष्य बनाया। आगे चलकर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा पास की और आईपीएस अधिकारी बने। आयोजक संस्था के अनुसार, अंसारी को अमेरिका में होने वाले सम्मान समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी भेजा गया है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए यह संदेश देती है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के जरिए कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफलता हासिल की जा सकती है।