जयपुर के नए मेयर अवैध निर्माण रोकने को लेकर सख्त
फ्राइडे संवाद. जयपुर नगर निगम के नए महापौर सुनील कोठारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को निगम मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। तीन घंटे से अधिक चली मैराथन बैठक में राजस्व, कार्मिक, स्वास्थ्य, उद्यान, प्रोजेक्ट, गैराज और विधि सहित 15 से अधिक शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न शाखाओं की प्रगति और लंबित कार्यों पर चर्चा हुई। महापौर ने अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और उन्हें रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को समझा तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से ‘एक सोच-एक डोर’ के मंत्र के साथ टीम भावना से काम करने तथा जयपुर शहर की तस्वीर बदलने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समाधान और जनहित के कार्य निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए। महापौर ने जयपुर की चारदीवारी और विरासत की पहचान से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से नियमों के अनुसार काम करने और अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जनसरोकार से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने और लंबित मामलों का तय समय में निस्तारण करने पर भी जोर दिया।